You can easily invite all your friends to peperonity.com. When you log in or register with us, you can tell your friends about exciting content on peperonity.com! The messaging costs are on us.
पिछले मछुआरों की मौत का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि अमेरिकी पोत से भी गोलीबारी के मामले ने भारत सरकार के सामने मुश्किल खड़ी कर दी है। यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) तट के नजदीक अमेरिकी जहाज से दुबई की नौका पर की गई फायरिंग में एक भारतीय मछुआरे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। यूएई के विदेश मंत्रालय के अधिकारी तारिक अमद अल- हिदान ने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी। एक अन्य यूएई अधिकारी ने बताया कि नौका पर चार भारतीय और दो अमीरात के नागरिक सवार थे। तमिलनाडु के रामेश्वरम में करायूर मछुआरा संगठन के अध्यक्ष मलायराजन ने बताया कि मारा गया मछुआरा रामनाथपुरम जिले के पेरियापट्टिनम का शेखर है। घायल मुनीराज, पनपुवन और मुरुगन भी रामनाथपुरम के ही हैं। उन्होंने बताया कि ये मछुआरे दुबई की फिशिंग कंपनी के लिए दिहाड़ी पर काम करते थे। बहरीन स्थित अमेरिकी जलसेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट ग्रेड रायलसन ने बताया कि यूएसएनएस रैप्पहैनॉक के सुरक्षा दल ने चेतावनी को नजरअंदाज करने और जहाज की ओर तेज रफ्तार से बढ़ते चले आने पर मशीनगन से फायरिंग कर दी। एक अमेरिकी राजनयिक ने फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत होने की पुष्टि की है। राजनयिक ने बताया कि जिस समय यह फायरिंग की गई, उस समय यह नौका ईरान की जलसीमा के काफी नजदीक थी। यह नौका मछुआरों द्वारा इस्तेमाल में लाई जाने वाली छोटी नाव जैसी नजर आ रही थी। करीब 30 फीट लंबी इस नौका में तीन मोटर लगी थीं। खाड़ी में ठीक ऐसी ही तेज चलने वाली नौका का इस्तेमाल ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड भी करते हैं। शायद इसीलिए अमेरिकी जहाज ने चेतावनी को नजरअंदाज करने के कारण नौका पर फायरिंग कर दी। बचाव कर्मियों को एक बॉडी बैग में एक मछुआरे को ले जाते देखा गया।